रामनगर। ग्राम टेड़ा में पशु तस्करी कर मवेशी ले जा रहे तस्करों की कार को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया, लेकिन आरोपी युवक मौके से भागने में सफल रहे। शुक्रवार रात पशु तस्कर कैलाश पांडे, कृपाल पांडे की गौशाला से दो जोड़ी बैल और तीन गाय को चुराकर तिलमठ महादेव मंदिर में पहुंचे ही थे कि किसी ग्रामीण ने उन्हें देख लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही पशु तस्कर कार को छोड़कर फरार हो गए। एसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि पशु तस्कर जानवरों को जाइलो कार (16 डब्लू/7635) में ले जाने की फिराक में थे जो ग्रामीणों को देखकर वाहन छोड़कर ही भाग गए। उन्होंने बताया कि कार लावारिस मिलने पर उसे कोतवाली में लाकर सीज कर दिया गया है।