रामनगर। दीपावली का त्योहार नजदीक होने के बावजूद लोगों ने अभी बाजारों की ओर रुख नहीं किया। ग्राहकों के बाजार में नहीं आने से दीपावली के सामान की दुकान सजाए दुकानदार तरस गए हैं। इस दिनों सबसे ज्यादा चहल-पहल पुरानी तहसील लाइन, फड़ बाजार में होती थी, जहां से निकलना मुश्किल हो जाता था। ट्रैफिक बाजारों के बाहर ही रोक दिया जाता था। लेकिन इस बार बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही नहीं होने से बाजार सूने पड़े हैं। दीपावली का सामान बेचने वाले शुभराज मेहरोत्रा, शुभम शर्मा ने बताया कि बीते वर्षों में तो हमें इस समय तक दो-तीन बार सामान खत्म हो जाने पर दोबारा मंगाना पड़ता था। लेकिन इस बार लोग खरीदारी करना तो दूर दुकानों को देखने तक नहीं आ रहे हैं। ड्राई क्लीन का काम करने वाले रूपेश कन्नौजिया व रफू का काम करने वाले मो. वसीम ने बताया कि इस समय रफू का काम बंद कर दीपावली के लिए पोस्टर, मालाएं बेच रहे हैं। दुकान लगाए छह दिन हो गए हैं लेकिन अभी तक माल वैसे ही रखा है। जबकि दुकान लगाने के लिए टेंट हाउस से लाई गई टेबल, टेंट, बिजली तहबाजारी में 400 रुपए रोज खर्च हो रहा है। फूल बेचने के लिए लगाई दुकान में मो. यूसुफ व देवेंद्र छावड़ा ने बताया कि अभी सरकारी कर्मियों को वेतन नही मिला है। उन्होंने बताया कि धनतेरस से बाजार में रंगत आएगी।