नैनीताल। जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से खेली जा रही 21वीं इंटर स्कूल बास्केटबाल प्रतियोगिता में टैंपलटन एकेडमी नौकुचियाताल और बिड़ला विद्या मंदिर ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। बृहस्पतिवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में टैंपलटन एकेडमी नौकुचियाताल ने भारतीय शहीद सैनिक स्कूल नैनीताल को 54-29 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में बिड़ला विद्या मंदिर ने सेंट जोजफ कालेज को 42-27 से हराया। निर्णायक श्याम सिंह, समीर अली, हरीश चौधरी, सिकंदर अली, राजीव गुप्ता, दिनेश वर्मा, फरीद व फैजान थे। प्रतियोगिता के आयोजक सचिव भुवन बिष्ट ने बताया कि 17 अक्तूबर को बिड़ला बनाम टैंपलटन एकेडमी के बीच फाइनल मैच सायं 3.30 बजे से खेला जाएगा जिसमें मुख्य अतिथि एडीएम उदय सिंह राणा होंगे।