हल्द्वानी। शराबियों से परेशान बिठौरिया की महिलाएं बुधवार को शराब अड्डों पर छापा मारने निकल पड़ीं। महिलाओं ने नारायणनगर में छापा मारकर 40 पौव्वे और एक कट्टे में भरी शराब बरामद कर दो लोगों को पकड़ लिया। ग्राम प्रधान के नेतृत्व में महिलाओं ने मुखानी चौकी पहुंचकर शराब के साथ दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। महिलाओं ने ऐलान किया कि अब वे पति के शराब पीकर घर लौटने पर उनको भी सबक सिखाएंगी। शराबियों के आतंक से आजिज आईं बिठैरिया की महिलाओं ने उन्होंने ग्राम प्रधान सुरेश गौड़ को अपनी व्यथा सुनाई तो प्रधान गौड़ ने बुधवार को मानपुर पश्चिम की ग्राम प्रधान भागीरथी, कनिष्क प्रमुख जया कर्नाटक, रेनू जोशी, नीलू समेत काफी महिलाओं को बैठक के लिए बुलाया। बैठक के दौरान महिलाओं ने लबें समय से नारायणनगर में चल रहे शराब अड्डों पर छापा मारने का निर्णय लिया। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि नारायणनगर में शराब बिक्री के दस अड्डे हैं। बुधवार को महिलाओं ने ग्राम प्रधान के नेतृत्व में शेर राम के घर से 20 पौव्वे, राधा के घर से 20 पौव्वे और अन्य स्थान से एक कट्टा शराब बरामद किया। कट्टा उठाते समय शराब की बोतलें गिरकर टूट गई। उधर, छापा मारने की भनक मिलने पर कई शराब विक्रेता अपनी दुकान बंद कर भाग निकले। महिलाओं ने मुखानी चौकी पहुंचकर शराब के साथ दो लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया। ग्राम प्रधान भागीरथी ने बताया कि शराबी पति घर आने के बाद पत्नियों को पीटते हैं। पति के शराब पीने से बच्चों की भी परवरिश करना महिलाओं के लिए मुश्किल हो गया है। निर्णय लिया गया है कि शराबी पति को पत्नियां सबक सिखाएंगी। जरूरत पड़ने पर ग्राम प्रधान और अन्य महिलाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।