नैनीताल। कारगिल विजय दिवस के 15 साल बाद आखिरकार शहीद मेजर राजेश अधिकारी की मूर्ति लगाने का उनके परिजनों का सपना पूरा हो रहा है। दर्शनघर पार्क में मूर्ति स्थापित हो चुकी है। 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पर मूर्ति का अनावरण होगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध में नगर निवासी मेजर राजेश अधिकारी शहीद हो गए थे। लोअर मालरोड का नाम उनके नाम से रखने और तल्लीताल स्थित दर्शनघर पार्क में मूर्ति लगाने का निर्णय लिया गया था। इस बीच जहां शासन प्रशासन की ओर से घोषणाएं होती रही वहीं शहीद राजेश की मां मालती अधिकारी सरकार व अधिकारियों के चक्कर काटती रहीं। इसके बावजूद कहीं सुनवाई नहीं हुई। आखिर दो वर्ष पूर्व दिसंबर 2012 को वह इस दुनिया से विदा हो गई।
वर्ष 2000 में उत्तराखंड की तत्कालीन सरकार ने शहीद मेजर राजेश अधिकारी के नाम पर तीन घोषणाएं की थीं जिसमें से दो घोषणाएं पूरी हो गईं। जिनमें नैनीताल जीआईसी इंटर कालेज व लोअर मालरोड मार्ग का नाम मेजर राजेश अधिकारी के नाम पर रखा गया, लेकिन तीसरी घोषणा पूरा होने में 15 साल लग गए। बुधवार को दर्शनघर पार्क में शहीद मेजर राजेश अधिकारी की मूर्ति लगा दी गई है। मूर्ति का विधिवत अनावरण 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पर किया जाएगा।