हल्द्वानी। आबकारी विभाग ने बीयर की 207 पेटियां तोड़कर नालियों में बहाई। बीयर एक्सपायरी डेट की थी और उसकी कीमत करीब 37 लाख 26 हजार रुपए थी। रामपुर रोड स्थित मानपुर पश्चिम में सैबमिलर और लीला संस इंडस्ट्रीज के बीयर के दो अलग-अलग गोदाम हैं। लीला संस इंडस्ट्रीज ने उत्तराखंड में खजुराहो ब्रांड की अपनी बीयर बेचनी बंद कर दी है, जबकि उसके गोदाम में बीयर की 40 पेटियां थी। जून 2012 को बीयर की एक्सपायरी डेट निकल चुकी है। सैबमिलर कंपनी के गोदाम में भी 167 बीयर की पेटियां एक्सपायरी डेट की थी। उनकी डेट भी मई 2012 को खत्म हो गई थी। सैबमिलर कंपनी अभी बाजार में अपने उत्पाद बेच रही है। आबकारी निरीक्षक (एफएल-2) दीपाली शाह ने बताया कि विभाग ने दोनों ही गोदामों में एक्सपायरी डेट के बीयर की जानकारी जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता को दी थी, जिस पर जिलाधिकारी ने बीयर को नष्ट कराने के लिए कमेटी गठित की थी। कमेटी में एसडीएम हल्द्वानी हरबीर सिंह, सहायक आबकारी आयुक्त हल्द्वानी जगदीश आर्या और वह स्वयं थीं। शुक्रवार को दोनों ही गोदामों में कमेटी सदस्यों की मौजूदगी में बीयर की 207 पेटियों को नष्ट किया गया। एक पेटी में बीयर की 24 केन होते हैं और एक केन की कीमत 75 रुपए है। उन्होंने बताया कि 207 पेटियों में 4968 केन बीयर तोड़कर फेंकी गई। नष्ट की गई बीयर की कीमत करीब 37 लाख 26 हजार रुपए है।