भीमताल। हर साल धूमधाम के साथ मनाया जाने वाला छह दिवसीय हरेला मेले को दस दिन शेष हैं, लेकिन अभी तक मेले की तैयारियां सिफर हैं। इस संबंध में अभी तक कोई बैठक तक नहीं बुलाई गई है। हरेला त्योहार के मौके पर कई वर्षों से भीमताल में हरेला मेला का आयोजित किया जाता है। मेले में उत्तराखंड व यूपी के व्यापारी भी पहुंचते हैं। मेले में बच्चों के लिए झूले भी लगाए जाते हैं। मेले के सफल आयोजन के लिए चेयरमैन को मेला समिति का पदेन अध्यक्ष व एसडीएम को मेला अधिकारी नामित किया जाता है। साथ ही, अलग-अलग कार्यों के लिए समितियां भी गठित की जाती हैं। नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक पान सिंह बोहरा ने बताया कि मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम से वार्ता हुई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियां शुरू कराई जाएंगी। इधर नगर पंचायत से मनोनीत सदस्य विक्रम सिंह जीना समेत कई लोगों ने मेला स्थल न बदलने की भी मांग की है।