हल्द्वानी/भीमताल। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में हल्द्वानी में 67.68 और भीमताल विकास खंड में 79.3 फीसदी मतदान हुआ। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। जिले के दोनों विकास खंडों में तीसरे चरण के लिए कुल 73.49 फीसदी मतदान हुआ। सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई है। सुबह मतदान हल्का रहा लेकिन दोपहर बाद तेजी आई। मतों की गिनती 27 जून को हरोगी। भीमताल की मतगणना भीमताल और हल्द्वानी की मतगणना एचएन इंटर कालेज में होगी। मंगलवार को हल्द्वानी विकास खंड की 84 ग्राम पंचायतों के प्रधानों समेत बीडीसी और जिला पंचायत के 517 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में कैद हो गया। भीमताल ब्लाक की 65 ग्राम पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। यहां विभिन्न पदों के लिए 300 से अधिक प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। भीमताल ब्लाक में लगभग 79.3 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले। भीमताल ब्लाक में कुल 65 ग्राम में प्रधान पद के लिए 197, बीडीसी सदस्य पद के लिए 77 और जिला पंचायत सदस्य पद की चार सीटों के लिए 26 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया है। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न बनाने के लिए प्रेक्षक धीराज सिंह गर्ब्याल समेत जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट दिन भर बूथों का निरीक्षण करते रहे। हल्द्वानी में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान छिटपुट घटनाओं को छोड़ शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। तीसरे चरण में विकास खंड में 67.68 फीसदी मतदान हुआ। विकासखंड में 169368 मतदाता हैं। इनमें 82710 महिला और 86658 पुरुष मतदाता हैं। इनमें से 108033 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान कुछ बूथों में मतदाताओं के नाम गायब होने की शिकायत मिली तो कहीं फर्जी मतदान करते पकड़े गए। एक युवक को एसडीएम ने पुलिस के हवाले कर दिया। नरसिंह तल्ला बूथ पर एक महिला ने मतपत्रों की सही जानकारी नहीं दिए जाने की शिकायत करते हुए मतपत्र फाड़ दिया। पीठासीन द्वारा दूसरा मतपत्र देना पड़ा। एक बूथ में वार्ड सदस्य के मतपत्र बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य वाले मतपेटी में डाले जाने की शिकायत मिली। ऑर्ब्जवर, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी और एसडीएम दिनभर बूथों का निरीक्षण करते रहे। 103 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी ने किया मतदान भीमताल। विकास खंड के बेरीजाला गांव निवासी 103 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हीरा देवी जोशी ने मंगलवार को यहां प्राथमिक पाठशाला ढुंगशिल के मतदान केंद्र में वोट डाला। उन्हें उनके परिजन बूथ तक लेकर पहुंचे थे। रास्ता खराब होने के कारण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को बूथ तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वोट डालने के लिए कई किलोमीटर चले पैदल भीमताल। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को वोट डालने के लिए कई किलोमीटर दूर तक पैदल चलना पड़ा। बेरीजाला तोक का बूथ प्राथमिक विद्यालय ढुंगशिल में था। यहां तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को 4-5 किलोमीटर चलना पड़ा। इसी तरह तोक धूरा का पोलिंग बूथ बोहराकून के स्कूल में था, यहां भी तीन से चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। भद्यूनी गांव से वापस लौटने के लिए पोलिंग पार्टी को करीब आठ किलोमीटर रास्ता पैदल तय करना पड़ा।