हल्द्वानी। खाद्य सुरक्षा योजना के चयनित लाभार्थियों को जुलाई से राशन मिलने लगेगा। इस योजना की बुधवार को पायलट टेस्टिंग होगी तथा हल्द्वानी ब्लाक के पांच कोटेदारों के यहां से बीपीएल और अंत्योदय कार्ड धारकों को राशन वितरित किया जाएगा। हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा योजना में लाभार्थियों का चयन करने में मनमानी को लेकर पिछले दिनों पार्षदों ने एआरओ दफ्तर के सामने धरना देकर हंगामा किया था। प्रशासन ने लाभार्थियों की सूची पुन: बनाने का भरोसा भी दिया, मगर कोई हल नहीं निकला। अब शासन ने अगले माह जुलाई से खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अनाज वितरण करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह ने बताया कि शासन 25 जून को इस योजना की पायलट टेस्टिंग के आदेश दिए हैं। इसके लिए हल्द्वानी ब्लाक के पांच कोटेदारों का चयन किया गया है। इन सस्ते गल्ले की दुकानों से बीपीएल और अंत्योदय योजना के लाभार्थी को खाद्य सुरक्षा योजना का जुलाई का अनाज दिया जाएगा। इसमें सस्ता गल्ला विक्रेता प्रेम बल्लभ फतेहपुर, बहादुर सिंह मुखानी, दिनेश पांडे कठघरिया, मोहन चंद्र तीन पानी और वीरेंद्र सिंह खाती पनियाली की सस्ते गल्ले की दुकान शामिल है। इधर, आपूर्ति विभाग द्वारा खाद्य सुरक्षा योजना की पायलट टेस्टिंग के लिए शहरी क्षेत्र की एक भी सस्ते गल्ले की दुकान का चयन नहीं किए जाने के पीछे भी लाभार्थियों के चयन का विवाद ही माना जा रहा है।