नैनीताल। पहाड़ी से गिरने के बाद रातभर घायल हालत में ठंड में पड़े रहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि ठंड से ही एक अन्य व्यक्ति इलाहाबाद बैंक के पास मरा मिला।
मंगलवार सुबह स्टाफ हाउस क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास शव पड़ा होने की सूचना के बाद कोतवाल एचएस फिरमाल, एसआई राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद उसकी शिनाख्त स्टाफ हाउस निवासी 45 वर्षीय दीवान सिंह फर्त्याल के रूप में हुई। कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है सोमवार रात ऊंचाई से गिरने और सुबह तक ठंड में रहने के कारण उसकी मौत हुई है। शव पंचनामे के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि मामले में परिजन किसी तरह का संदेह जताकर तहरीर देते हैं तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
वहीं, इलाहाबाद बैंक के पास मिले शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने बताया कि सूमो नाम का यह व्यक्ति 45 साल का है। वह उड़ीसा मूल का बताया जाता है। सूमो दुकानों कभी बर्तन मलकर तो कभी मजदूरी कर अपना भरण पोषण करता था। पुलिस के मुताबिक बीते लगभग 6-7 सालों से वह यहां रह रहा था।