हल्द्वानी। गुजरात के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के प्रधानमंत्री प्रत्याशी नरेंद्र मोदी की शंखनाद रैली के लिए हल्द्वानी से हजारों कार्यकर्ता देहरादून के लिए कूच कर गए हैं। कार्यकर्ता एवं नेता 80 बसों और 250 कारों में सवार होकर मोदी को सुनने देहरादून रवाना हुए हैं।
15 दिसंबर को देहरादून परेड ग्राउंड में नरेंद्र मोदी की शंखनाद रैली है। भाजपा के बड़े नेताओं को रैली संयोजक बनाया गया था। पार्टी के संगठनात्मक जिलों से कार्यकर्ताओं को देहरादून पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित था। 14 दिसंबर की शाम सात बजे बाद से कार्यकर्ताओं के देहरादून रवाना होने का सिलसिला शुरू हो गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक संगठनात्मक हल्द्वानी जिले से 80 बसों और 250 कारों में कार्यकर्ता देहरादून रवाना हुए हैं। सर्वाधिक 20 बसें ग्रामीण पश्चिमी मंडल से हैं। दस बसें नगर मंडल और 15 बसें पूर्वी मंडल से कार्यकर्ताओं को लेकर देहरादून गई हैं। पार्टी के सभी बड़े नेता भी देहरादून के लिए रवाना हो गए। भाजपा प्रदेश अनुसूचित मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य रेखा आर्या भी कुमाऊं के सभी जिलों से सैकड़ों कार्यकर्ताओं को लेकर दून रवाना हुई हैं।
नैनीताल। यहां जिलाध्यक्ष अमिता साह के नेतृत्व में महिला मोर्चा कार्यकर्ता रवाना हुए, इसमें नगर अध्यक्ष जीवंती भट्ट, डा. मीना बिष्ट, रीना मेहरा, मंजू पाठक, ममता जोशी आदि मौजूद थे। नगर अध्यक्ष विवेक साह ने दावा किया कि यहां से करीब 250 कार्यकर्ता रैली में प्रतिभाग करेंगे।
भीमताल। यहां दून रैली में रवाना होने से पहले भाजपाइयों ने मल्लीताल में ठेली लगाकर लोगों को मोदी चाय पिलाई। इस दौरान भाजपा के प्रदीप पाठक, देवकी पांडे, शरद पांडे, भानु लौशाली, जितेंद्र चनौतिया मौजूद थे। दोपहर बाद भाजपाई बड़ी संख्या में कार, बस और अन्य वाहनों से देहरादून को रवाना हो गए।
रामनगर। देहरादून रैली के लिए पूर्व विधायक दीवान सिंह बिष्ट, पूर्व पालिकाध्यक्ष भगीरथलाल चौधरी, नगर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राकेश नैनवाल, माया रावत, विमला रावत, जगमोहन सिंह बिष्ट आदि कार्यकर्ता रवाना हुए।