हल्द्वानी। ‘सिंह साब दि ग्रेट’ की हीरोइन उर्वशी रौतेला फिल्म की सफलता से बेहद उत्साहित हैं। सफलता का श्रेय उत्तराखंड की जनता को देते हुए इस खूबसूरत बाला ने आपदा में अपना सब कुछ खो चुके लोगोें के लिए कुछ करने की इच्छा जाहिर की है। फिल्म रिलीज होने के बाद पहली बार वे शुक्रवार को परिवार के साथ हल्द्वानी स्थित अपने ननिहाल पहुंची। जहां पूरा दिन बिताने के बाद शाम को जागेश्वर के लिए रवाना हो गईं।
उर्वशी बताती हैं कि उन्हें इस बात का गर्व है कि फिल्म के रिलीज होने के बाद ज्यादा लोग उनसे जुड़े शहरों को जानने लगे हैं। वे हरिद्वार में पैदा हुईं, हल्द्वानी में बचपन बिताया और पढ़ाई लिखाई कोटद्वार में की। जिसके चलते इन तीनों शहरों को वह हर बड़े मंच पर रिप्रेजेंट करती हैं। उनकी दिली तमन्ना है कि उत्तराखंड में अपनी नई फिल्म की पूरी शूटिंग करे। खासकर हल्द्वानी में बीते अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए वह यहां अपनी फिल्म की शूटिंग करना चाहती हैं। उर्वशी इस बात से हैरान हैं कि आपदा पीड़ितों के लिए इतना पैसा आने के बाद भी उनके लिए ज्यादा कुछ अब तक नहीं किया गया। कलावती कॉलोनी स्थित ननिहाल में उर्वशी को देखने के लिए मोहल्ले वालों को तांता लगा रहा। लेकिन वे सबसे बचकर रहना चाहती थीं। इसलिए दिन भर घर के अंदर ही रहीं। शनिवार को वह अपने माता-पिता के साथ जागेश्वर धाम के दर्शन करेंगी। इसके बाद वहां से हल्द्वानी आकर सीधे हैदराबाद के लिए निकल जाएंगी।