हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा इलाके में देवेंद्रपुरी का ट्यूबवेल शुक्रवार को खराब होने से इससे जुड़ी कई कालोनियों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। करीब साढ़े तीन हजार की आबादी पूरे दिन पानी के लिए परेशान रही। लोगों ने आसपास के मोहल्लों से पानी ढोकर अपना काम चलाया।
देवेंद्रपुरी मोहल्ले में स्थित ट्यूबवेल से दर्जनभर से अधिक कालोनियों में पेयजल की आपूर्ति होती है। बीती रात ट्यूबवेल में खराबी आने के कारण शुक्रवार को पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी। सूचना पर वहां पहुंचे जलसंस्थान के अधिकारियों ने ट्यूबवेल को चालू करने की काफी कोशिश की, मगर मोटर में खराबी आने के कारण कामयाबी नहीं मिली। जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता केसी पांडे ने बताया कि इस ट्यूबवेल से प्रभावित इलाके में गौला से पेयजल की आपूर्ति की जाएगी, जिस क्षेत्र में गौला आपूर्ति की लाइन नहीं हैं, वहां टैंकर से पेयजल वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सहायक अभियंता को प्रभावित इलाके में व्यवस्था देखने के निर्देश दिए गए हैं। ट्यूबवेल की मरम्मत होने में लगभग 15 दिन का समय लगेगा। इसके अलावा दिन में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से भी ट्यूबवेल की आपूर्ति प्रभावित रही।