हल्द्वानी। यातायात जागरूकता पखवाडे़ के आखिरी दिन बृहस्पतिवार को आरटीओ रोड स्थित शिवालिक स्कूल में स्कूली बच्चों को सीओ लोकजीत सिंह ने एक प्रजेंटेशन के जरिए बच्चों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। इससे पूर्व यातायात को लेकर आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेता यूनीवर्सल स्कूल, दूसरे नंबर पर रहे केवीएम और तीसरे नंबर पर रहे सेंट थेरेसा की टीमों को एसएसपी ने पुरस्कृत किया।
सुबह करीब साढ़े दस बजे से आरटीओ रोड स्थित शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल में यातायात जागरूकता को लेकर कार्यक्रम शुरू हो गया था। जिसका उद्घाटन एसएसपी डा. सदानंद दाते ने किया। इसके बाद सीओ लोकजीत सिंह ने आडियो और वीडियो मैसेज के जरिए करीब 300 स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी। स्कूली बच्चों के सवालों को भी इस दौरान जवाब दिया गया। क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी स्कूलों के बच्चों को पुलिस की ओर से सर्टिफिकेट भी दिए गए। इस दौरान शिवालिक पब्लिक स्कूल के चेयरमैन रमेश शर्मा, एमडी अनिल जोशी, सिंथिया के प्रिंसिपल प्रवींद्र रौतेला, सेंट लारेंस के प्रबंधक सुनील जोशी, प्रिंसिपल अनीता जोशी, सेंट थेरेसा के प्रिंसिपल फादर जूलियन पिंटो और यूनीवर्सल के प्रबंधक सुनील जोशी भी मौजूद थे। वहीं शाम को कोतवाली परिसर में यातायात जागरूकता को लेकर एक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें कई जाने माने कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों को पालन करने की नसीहत दी। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने भी इस मौके पर अपनी एक कविता पढ़कर सबका दिल जीत लिया। मशहूर गजलकार और कवि बल्ली सिंह चीमा ने अपनी कविताएं सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। हास्य कवि राजकुमार भंडारी और डा. प्रमोद गोल्डी सहित कई कवियों ने कविता पाठ किया। कार्यक्रम में एसपी विजिलेंस सुनील मीणा, एसपी इंटेलिजेंस अमित श्रीवास्तव, सीओ रामनगर प्रमोद कुमार, सीओ लोकजीत सिंह, कोतवाल कुलदीप असवाल, टीआई हीरासिंह और सभी चौकी इंचार्ज मौजूद थे।