नैनीताल। एसएसपी डा. सदानंद दाते की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन में कार्यशाला का आयोजन किया गया। विवेचना में गुणवत्ता, अपराध नियंत्रण एवं अपराधों के अन्वेषण के वैज्ञानिक तरीके विषयक कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विवेचना के टिप्स दिए गए और उन्हें उनके अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला में सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक हाकिम राय ने कहा कि वर्तमान दौर में आपराधिक गतिविधियां भी हाईटेक हो गई हैं। ऐसे में वैज्ञानिक तकनीकों के आधार पर संबंधित लोगों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। ऐसे में चोरी और अन्य मामले के आरोपी से पूछताछ में संबंधित क्षेत्र समेत अन्य क्षेत्रों के मामलों को भी उगलवाने की कोशिश करें। नशीले पदार्थ तथा और अन्य की बरामदगी में उसे त्वरित साइंटिफिक परीक्षण के लिए भेजें। उन्होंने विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने, अपराध नियंत्रण, अपराधों का अन्वेषण वैज्ञानिक तरीके से करने के टिप्स भी दिए। इसके अलावा आईपीसी की धाराएं और पुलिस के अधिकारों की भी जानकारी दी। इस दौरान सीओ हरीश कुमार, आरआई ज्ञान सिंह, वाचक मारुत साह समेत विभिन्न कोतवाल, थाना प्रभारी और पुलिस बल मौजूद था।