हल्द्वानी। नगर निगम के अगले वर्ष होने वाले निर्वाचन की तैयारियां प्रशासन ने शुरू कर दी हैं। पहली दिसंबर से घर-घर जाकर नये मतदाता बनाने के साथ-साथ मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्य शुरू होगा। इस कार्य में निगम के 85 कर्मचारियों की संगणक एवं सुपरवाइजर के रूप में ड्यूटी लगाई गई है। संगणकों एवं सुपरवाइजरों को बृहस्पतिवार को निगम कार्यालय में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रदेश में नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के चुनाव अगले साल 2013 में होने हैं। इसके लिए मतदाता सूचियों को तैयार किया जाना है। नगर निगम कार्यालय में बृहस्पतिवार को अपर मुख्य नगर अधिकारी बीएस चलाल और प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल ने संगणकों एवं सुपरवाइजरों को बिंदुवार प्रशिक्षण दिया। कर्मचारियों को बताया गया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य किस तरह किया जाएगा। अभी नगर निगम की सीमा विस्तार न होने के कारण फिलहाल पालिका सीमा के मौजूदा 25 वार्डों की मतदाता सूचियां बनाने का कार्य होगा। संगणक प्रत्येक वार्ड के हर मोहल्ले के एक- एक घर में जाएंगे तथा परिजनों से पूछकर मतदाता सूची में नाम जोड़ना, नाम हटाने और शुद्धीकरण के लिए फार्म भरेंगे। प्रशिक्षण में कर्मचारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य से संबंधित सामग्री भी वितरित की गई। इस दौरान पंचास्थानि चुनावालय के सहायक निर्वाचन अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, निगम के प्रवीण सक्सेना, हितेष भंडारी, भगवती आदि मौजूद रहे।
--
इंसेट
18 वर्ष की आयु पूरी होने का देना होगा प्रमाण
हल्द्वानी। अपर मुख्य नगर अधिकारी बीएस चलाल ने बताया कि जिन युवकों की एक जनवरी 2013 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी हो रही हो, उन्हें अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आयु से संबंधित प्रमाण संगणक को देना होगा। इसी के आधार पर नये मतदाता बनाए जा सकेंगे। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने वाले व्यक्ति को अगर उनके पास विधानसभा चुनाव की वोटर आईडी है तो उसका नंबर भी देना होगा। उन्होंने नगर निगम सीमा में वर्तमान में निवास कर रहे लोगों से इस कार्य में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यदि आपके घर कोई संगणक न पहुंचे अथवा गणना में कोई शिकायत हो तो जिला मजिस्ट्रेट/ जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निकाय)/ प्रभारी अधिकारी, पंचास्थानि चुनावालय / जिला निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से दूरभाष या व्यक्तिगत रूप से कर सकते हैं।
--
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम
0 घर - घर गणना और सर्वेक्षण - 1 से 15 दिसंबर
0 पारूप नामावली की पांडुलिपि तैयार करना - 16 से 22 दिसंबर
0 प्रारूप निर्वाचक नामावली का मुद्रण - 23 दिसंबर से 11 जनवरी
0 मतदाता सूचियों का प्रकाशन एवं निरीक्षण- 12 से 18 जनवरी
0 दावे एवं आपत्ति दाखिल करने की तिथि - 19 से 25 जनवरी
0 दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण - 27 से 31 जनवरी
0 मतदाता सूचियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन - 6 फरवरी