हल्द्वानी। यातायात पखवाड़ा सफल बनाने के लिए एसपी सिटी और सीओ के नेतृत्व में शनिवार को भोटिया पड़ाव में वाहन स्वामियों एवं चालकों के साथ गोष्ठी हुई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए यातायात नियमों का पालन करने का आह्वान किया। इसके बाद पुलिस और नगर निगम ने कोतवाली से लेकर सिंधी चौराहे तक अभियान चलाकर ढाई सौ से अधिक छोटे - बड़े विज्ञापन होर्डिंग एवं फ्लैक्सी हटाए। एक लाख रुपये से अधिक कीमत के फ्लैक्सी जब्त किए गए। बाजार में भी ठेलियां और फड़ हटाए गए। देर शाम वाहनों की चेकिंग में 30 वाहनों का चालान और चार वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस की तरफ से यातायात पखवाड़ा मनाया जा रहा है। शनिवार को एसपी सिटी जेएस भंडारी और सीओ प्रमेंद्र सिंह डोभाल की अध्यक्षता में भोटिया पड़ाव में वाहन स्वामियों एवं चालकों के साथ गोष्ठी की। इसमें एसपी सिटी ने वाहन स्वामियों एवं चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। इसके तत्काल बाद नगर निगम और पुलिस ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। कोतवाली से सिंधी चौराहे तक जेसीबी से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। ढाई सौ से अधिक विज्ञापन पट हटाए गए। इनमें 18 बड़े होर्डिंग और बाकी फ्लैक्सी थे। सड़क किनारे और बिजली के खंभों पर लगे फ्लैक्सी बोर्डों को उतारकर निगम की टीम ने जब्त कर लिया। इनकी कीमत एक लाख से अधिक बताई गई है। एक छोटी फ्लैक्सी तैयार कराने पर कम से कम पांच सौ रुपये का खर्च आता है जबकि बड़े फ्लैक्सी पर आठ से दस हजार रुपये की लागत आती है। बाजार से फड़, ठेलियां और होर्डिंग हटाए गए। शाम को पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान 30 वाहनों का चालान और चार वाहनों को सीज किया गया। अभियान में पुलिस अधिकारियों के अलावा नगर निगम के सहायक नगर अधिकारी नीरज जोशी, राजस्व निरीक्षक विजेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद थे।