हल्द्वानी। राजकीय महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की वार्षिक समीक्षा बैठक में मुख्य अतिथि उच्चशिक्षा निदेशक डा. मुकुल पंत ने स्वैच्छिक रक्तदान, साक्षरता और पर्यावरण जागरूकता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत पर बल दिया। अध्यक्षता करते हुए राज्य संपर्क अधिकारी डा. एएस उनियाल ने कहा कि एनएसएस के स्वयंसेवी 80 प्रतिशत रक्त की जरूरत पूरा कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य मात्र रक्तदान नहीं बल्कि ब्लड एजुकेशन है। कुमाऊं विवि के एनएसएस के समन्वयक प्रो. अतुल जोशी ने कहा विगत तीन वर्षों में एनएसएस इकाइयों का विस्तार हुआ है। महाविद्यालय गंगोलीहाट के प्राचार्य डा. एसके गुरुरानी ने बताया कि आपदा के समय सड़क टूट जाने पर एनएसएस स्वयंसेवियों ने मरम्मत कर सड़क को आने जाने योग्य बनाया। बैठक में वित्त अधिकारी डीएस बोनाल, ऊधमसिंह नगर के जिला समन्वयक डा. विनोद कुमार, एमबी कालेज के डा. भरत सिंह, डा. सरोज वर्मा, महिला कालेज की डा. संगीता वर्मा, पाल कालेज के डा. केके पांडे, डा. जगदीश जोशी, डा. विजया रानी ढौढ़ियाल, डा. अतुल चंद्रा, डा. भुवनेश, सुरेश चंद्र पांडे, डा. कमरुद्दीन आदि मौजूद रहे। संचालन डा. एसडी तिवारी ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।