नैनीताल। बीती रात्रि मल्लीताल में दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी के बाद चाकू चल गए। चाकू के हमले में घायल नेपाली मूल के व्यक्ति की बीडी पांडे अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बीती रात्रि थाना कमलगांव कालीकोट कनाली नेपाल एवं बूचड़खाना तल्लीताल हाल निवासी रमेश बहादुर दर्जी अपने भाई प्रवींद्र बहादुर के साथ पंत पार्क में लगी रेहड़ी से टी-शर्ट खरीद रहे थे। इसी बीच उधर से गुजर रहे अज्ञात व्यक्ति ने उनसे अपने लिए भी कपड़े खरीदने को कहा। इससे दोनों में कहासुनी और गाली गलौच हो गई। लेकिन लोगों ने समझौता करा दिया। कुछ देर बाद नेपालियों की मुलाकात उनके चाचा नेत्र बहादुर के साथ हुई। गाड़ी पड़ाव के समीप वही अज्ञात युवक फिर उनसे टकरा गया। उसके आग्रह पर चारों ने 180 रुपये मिलाकर शराब खरीदी। शराब पीने के बाद चाचा नेत्र अपने घर और प्रवींद्र खाना लेने रेस्टोरेंट चला गया। कुछ दूरी पर खड़े रमेश और उक्त व्यक्ति में फिर से कहासुनी होने लगी। प्रवींद्र के देखते ही देखते उस व्यक्ति ने रमेश पर चाकू से वार कर दिया और भाग गया। रमेश घायल अवस्था में पंत पार्क क्षेत्र तक उसके पीछे भागा लेकिन उक्त व्यक्ति ने दोबारा चाकू से वार कर दिया। प्रवींद्र का कहना है कि कुछ देर उसने भी पीछा किया लेकिन भाई को न पाने पर वह वापस घर चला गया।
देर रात्रि हेड कांस्टेबल कमल कुमार ने घायल को देखा और साथियों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। देर रात्रि उपचार के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। सूचना पर मृतक के भाई प्रवींद्र और अन्य मौके पर पहुंचे। प्रवींद्र का कहना है कि वह आरोपी युवक को नहीं जानता लेकिन उसने उसे गाड़ी पड़ाव क्षेत्र में प्रहार करते देखा है। प्रवींद्र की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विरोधाभासी बयान से पुलिस उलझन में
नैनीताल। घायल की मौत के बाद हुई पूछताछ में हालांकि मृतक के भाई व चाचा ने कहा कि वह आरोपी को नहीं जानते, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकारा की संबंधित युवक हिंदी, नेपाली तथा कुमाऊंनी भाषा जानता है। कोतवाल अनिल साह ने बताया कि घटना में धारदार हथियार से युवक की मौत होना पाया गया है। लेकिन मौत के विभिन्न कारणों को तलाशकर जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपी युवक को गिरफ्तार किया जाएगा।