हल्द्वानी। मेरी बेटी को बचा लो, उसके ससुराली उसे मार डालेंगे। पुलिस से ऐसी फरियाद ग्वालियर का एक व्यक्ति कोतवाली के पीएनटी नंबर पर फोन कर लगा रहा है। सोमवार दोपहर फोन करने वाले ने वायरलेस पर बैठी महिला से कहा, वह हल्द्वानी का निवासी है, अभी ग्वालियर में है। बेटी का ससुराल जगदंबा नगर में है। बेटी ने फोन कर उससे कहा कि पापा मुझे बचा लो, ससुराल वाले मार डालेंगे। उसके हल्द्वानी आने तक बेटी के साथ किसी प्रकार की अनहोनी न हो जाए, इसलिए वह पीएनटी पर फोन करके गुहार लगा रहा है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में नहीं लिया है।
हल्द्वानी निवासी व्यक्ति ने ग्वालियर में होने का हवाला देकर रविवार को भी कोतवाली के पीएनटी पर फोन किया था। लेकिन सोमवार को जब उसने दोबारा फोन कर यह बताया कि उसने अपनी बेटी का रिश्ता यहां जगदंबा नगर में किया है, बेटी का नाम पते के साथ अपना नाम पता भी उसने सही बताया। दो दिन से व्यक्ति पीएनटी पर फोन कर एक ही गुहार लगा रहा है, उसकी बेटी को बचा लो। वह अभी ग्वालियर में है, वहां से लौटकर आने तक बेटी के साथ कुछ भी हो सकता है। पीएनटी नंबर पर आई कॉल से फरियाद सुनकर पुलिस कर्मी खासा हैरान हैं, उन्हें लग रहा है कोई मजाक कर रहा है। मगर ग्वालियर से फोन करने वाले व्यक्ति ने यह भी कहा कि हल्द्वानी आने पर वह लिखित में बेटी के ससुरालियों के खिलाफ प्रार्थना देगा।