कालाढूंगी (नैनीताल)। तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के बन्नाखेड़ा रेंज की धमोला बीट के जंगल में रविवार को तेंदुए के मादा बच्चे का शव मिला। तेंदुए की उम्र करीब डेढ़ वर्ष आंकी गई है। रेंजर एमसी पंत ने बताया कि वन दरोगा रमेश आर्या, वन रक्षक संजू राणा गश्त पर थे, कि धमोला के कंपार्टमेंट नंबर 20 में उन्होंने यह शव देखा। तेंदुए के शरीर पर लगे चोटों से आपसी संघर्ष में मृत्यु की आशंका है। वन कर्मियों ने इस शव को प्रभाग मुख्यालय रामनगर पहुंचाया, जहां पशु चिकित्सक डॉ. दुष्यंत की रेखदेख में पोस्टमार्टम के बाद शव को जला दिया गया।