लेखपालों द्वारा आय प्रमाण पत्र में आख्या लगाने के काम का बहिष्कार करने के बाद से बीते तीन माह से प्रदेश भर में कहीं भी आय प्रमाण पत्र नहीं बन रहे हैं। जिसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आय प्रमाण पत्र के अभाव में अभिभावक स्कूलों में बच्चों का दाखिला तक नहीं करा पा रहे हैं और तहसील से लेकर उपजिलाधिकारी दफ्तर के चक्कर काटने को मजबूर हैं। जिले में 1207 आय प्रमाण पत्र बनाने के मामले लंबित है। इसमें भी सर्वाधिक हल्द्वानी तहसील से जुड़े मामले है।
केस-1
दमुवाढूंगा निवासी कैलाश परगाई पुत्र हरीश चंद्र परगाई ठेला लगाकर परिवार को पालते हैं। उन्हें अपने बेटे का स्कूल में दाखिला कराना है। स्कूल प्रबंधन आरटीई के तहत दाखिले के लिए परगाई से आय प्रमाण पत्र मांग रहा है। दो माह पहले कैलाश ने आय प्रमाणपत्र के लिए तहसील के जनाधार केंद्र में आवेदन किया लेकिन पटवारियों द्वारा आय प्रमाणपत्र में आख्या लगाने के कार्य के बहिष्कार के कारण आय प्रमाणपत्र नहीं बन रहा है।
केस-2
जज फार्म निवासी आदित्य तिवारी बीटेक करते हैं। जिस संस्थान से वह बीटेक करते हैं वह संस्थान शुल्क माफी के लिए आय प्रमाण पत्र मांग रहा है। तिवारी ने फरवरी में आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक आय प्रमाणपत्र नहीं बना। कई बार चक्कर काटने के बाद भी उनका आय प्रमाणपत्र नहीं बना है।
...अब तो आवेदन लेने से भी इंकार
हल्द्वानी। तहसील का जनाधार केंद्र हो या फिर कोई भी सीएससी। इन काउंटरों पर अब आय प्रमाणपत्र बनवाने संबंधी आवेदन पत्र तक स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। काउंटरों में बैठे कर्मचारी पटवारियों की हड़ताल की बात कहकर आवेदन नहीं ले रहे हैं।
कहां कितने आय प्रमाण पत्र लंबित
तहसील लंबित मामले
हल्द्वानी 453
नैनीताल 72
ओखलकांडा 0
कोश्या कुटौली 9
धारी 19
रामनगर 381
कालाढूंगी 142
बेतालघाट 7
लालकुआं 124
कुल 1207