हल्द्वानी। उत्तराखंड बोर्ड दसवीं की परीक्षा 75.2 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण करने वाले एवं बारहवीं में विज्ञान विषयों में अध्ययनरत विद्यार्थी विज्ञान शिविर में प्रतिभाग करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही विज्ञान विषय में बोर्ड परीक्षा में टॉपर विद्यार्थियों में से एक प्रतिशत छात्रों को बीएससी करने के लिए भारत सरकार की ओर से 80 हजार रुपये प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के इंस्पायर कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रोफेसर डॉ. यशपाल सुंदरियाल ने बताया कि भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से इंस्पायर विज्ञान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इंस्पायर कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें कुमाऊं से भी छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकते हैं। इस वर्ष तीन विज्ञान शिविर 18 से 22 जनवरी तक, 26 से 30 जनवरी और दो फरवरी से छह फरवरी तक आयोजित किए जाने हैं। इन विज्ञान शिविरों में प्रतिभागियों को आने जाने और रहने का पूरा खर्चा दिया जाता है। शिविर में प्रतिभाग करने के लिए विद्यार्थी विभाग में संपर्क कर सकते हैं। इंस्पायर विज्ञान शिविर में प्रतिभाग करने के लिए विद्यार्थियों के उत्तराखंड बोर्ड के स्कूल में कक्षा 11 या 12 का विद्यार्थी होना अनिवार्य है।
विज्ञान के टॉपर विद्यार्थियों के लिए तीन विज्ञान शिविर आयोजित होंगे