हल्द्वानी। नगर निगम सोमवार को एक ही यूनिपोल हटा सका। निगम की टीम ने इस दौरान 50 फ्लैक्स भी हटाए।
नगर निगम की ओर से 15 दिन पहले निगम क्षेत्र में विज्ञापन होर्डिंग और यूनिपोल लगाने के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए थे। टेंडर गाजियाबाद और देहरादून की कंपनी के नाम खुला था। निगम ने यूनिपोल हटाने के लिए तीन दिन का नोटिस दिया था। लेकिन जब यूनिपोल नहीं हटे तो शनिवार को नगर निगम की टीम ने दो यूनिपोल हटाए।
सोमवार को भी नगर निगम की टीम निकली और मात्र एक यूनिपोल हटा के लौट गई। उधर टीम ने इस दौरान सिंधी चौराहे से डिग्री कॉलेज तक 50 फ्लैक्स भी हटाए। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान, कर निरीक्षक भरत त्रिपाठी, पूजा आदि रहे।
पार्षद की शिकायत पर अतिक्रमण की जांच के निर्देश
हल्द्वानी। नगर निगम के वार्ड संख्या 22 के पार्षद हितेश पांडे ने सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र देकर कहा कि रामलीला मोहल्ले में उनका अपना भवन है जिसमें दो लोगों को दो कमरे और एक हाल किराये पर दिया है। कहा कि उनकी गैरमौजूदगी में उन्होंने उनके आवासीय भवन परिसर में अवैध रूप से टिन शेड बना दिया जिसका व्यवसायिक रूप से उपयोग किया जा रहा है। पार्षद की शिकायत पर नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार उपाध्याय ने नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त और नायब तहसीलदार को मामले की संयुक्त रूप से जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।