हल्द्वानी। क्षेत्र के दमुवाढूंगा, बिठौरिया, पीपलपोखरा आदि इलाकों में नलकूप खराब होने से पेयजल संकट बरकरार है। क्षेत्रवासियों को जलसंस्थान के टैंकरों से भी पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। कई लोग निजी टैंकर मंगाकर पेयजल की व्यवस्था कर रहे हैं। दमुवाढूंगा के पनचक्की चौराहे पर लगे सार्वजनिक स्टैंडपोस्ट पर पानी के लिए लोगों को लंबी लाइन लगानी पड़ रही है। दमुवाढूंगा खाम, हल्दीखाल, संगम विहार इलाकों में कई महीनों से पेयजलापूर्ति ठप है। लोग जलसंस्थान को लगातार बिल भुगतान कर रहे हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। बिठौरिया, हिम्मतपुर तल्ला, पीपलपोखरा के नलकूप भी ठीक नहीं किए जा सके हैं। इससे लोगों को पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। कठघरिया के रामड़ी आन सिंह में भी पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलसंस्थान के ईई संतोष कुमार उपाध्याय का कहना है कि दमुवाढूंगा के लिए नई पेयजल लाइन प्रस्तावित की गई है। अन्य प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जा रही है।