हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज परिसर में लगे राष्ट्रीय सरस मेले की रौनक मंगलवार को बारिश से धुल गई। बारिश के दौरान तेज हवा से जहां कई स्टाल टूट गए वहीं सायंकालीन सत्र में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए गए। अलबत्ता दोपहर तक स्टालों में खरीदारों की खासी भीड़ रही। मुख्य विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र ने मातहत कर्मचारियों को स्टालों की सुरक्षा व्यवस्था देखने के निर्देश दिए। एमबी इंटर कॉलेज परिसर में 15 जनवरी से राष्ट्रीय सरस मेले का आयोजन किया गया है। मेले में प्रदेश के अलावा विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों के स्टाल लगे हैं। स्टालों में सभी प्रदेशों के उत्पादों की बिक्री हो रही है। मंगलवार शाम हुई बारिश और तेज हवा से कई स्टाल टूटकर बिखर गए। कई स्वयं सहायता समूहों का सामान खराब हो गया। स्वयं सहायता समूहों को बारिश के दौरान पूरा सामान समेटना पड़ा। बारिश के चलते उन्हें काफी नुकसान हो गया। मुख्य विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि बारिश से अधिक नुकसान नहीं हुआ। स्टालों की सुरक्षा के लिए कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। कुछ फूड स्टाल वाटर प्रूफ नहीं होने से उन्हें मेला परिसर में ही खाली पड़े स्टालों में सामान शिफ्ट करने के लिए जगह दी गई है।