हल्द्वानी। बिजली विभाग का भी हाल गजब का है। थोड़ी सी बकाएदारी पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने वाला बिजली विभाग कई अन्य विभागों पर करोड़ों रुपये की बकाएदारी के बाद भी मौन है। बिजली विभाग को नगर क्षेत्र से सरकारी विभागों से चार करोड़ 30 लाख 77 हजार 276 रुपये वसूल करने हैं। जबकि अन्य 21 बकाएदारों में तीन घरेलू उपभोक्ता भी शामिल हैं। 21 उपभोक्ताओं से एक करोड़ 11 लाख दो हजार 184 रुपये वसूल करने हैं। नगर क्षेत्र में कुल 44 बकाएदारों से पांच करोड़ 41 लाख 79 हजार 460 रुपये वसूलने हैं। ग्रामीण क्षेत्र से विभाग को अलग-अलग विभागों से चार लाख 85 हजार रुपये वसूल करना है।
किस पर कितना बकाया
नगर क्षेत्र
अधिशासी अभियंता जलसंस्थान कालाढूंगी चौराहा : 49 लाख 17 हजार 867 रुपये
तहसील हल्द्वानी : 26 लाख से अधिक
अधिशासी अभियंता जल संस्थान रामपुर रोड : 42 लाख 43 हजार 609
अधिशासी अभियंता जल संस्थान ताज चौराहा (ट्यूबवेल) : 35 लाख 34 हजार 437
अधीक्षक उप जेल : दो लाख 99 हजार 629
स्टेशन इंचार्ज बैरेक बद्रीपुरा : आठ लाख 42 हजार 938
इंचार्ज मेडिकल आफीसर सिविल हास्पिटल हल्द्वानी : तीन लाख 14 हजार 492 रु
मेडिकल कालेज की कालोनी : एक लाख 49 हजार 290
ग्रामीण क्षेत्र
शिक्षा विभाग: दो लाख 26 हजार
पुलिस विभाग : 72 हजार
पीएचसी, सीएचसी : एक लाख 87 हजार
ये बकाएदारी पुरानी है और बढ़ते-बढ़ते ज्यादा हो गई है। बकाया की रकम नवंबर 2017 तक की है। वसूली के लिए नोटिस भेजा जाएगा। भुगतान न होने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। - डीके जोशी, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड (नगर)
बकाया वसूले के लिए समय-समय पर विभागों से पत्राचार किया जाता है। मार्च में बजट आने पर भुगतान होता है। बकाया वसूली के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। - अमित आनंद, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण)