हल्द्वानी। विश्व बाघ दिवस के उपलक्ष्य में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ बाघ संरक्षण के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। कार्यक्रम में वन अधिकारियों, कर्मियों, ग्रामीणों से ही बाघ सुरक्षा के उपाय जाने जाएंगे ताकि मानव वन्यजीव संघर्ष पर रोक लग सके। डीएफओ डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि विश्व प्रकृति निधि के सहयोग से 29 जुलाई को तराई पश्चिमी वन प्रभाग के चूनाखान में एक कार्यक्रम किया जाएगा। इस साल बाघ संरक्षण के लिए माय टाइगर स्टोरी थीम है। इस थीम में ऐसे अधिकारी, कर्मी, ग्रामीणों को शामिल किया जाएगा, जिनका बाघ से सामना हुआ है। वे अपने अनुभव के साथ ही बाघ संरक्षण के उपायों के बारे में भी बताएंगे। सर्वश्रेष्ठ कहानी, उपायों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लालकुआं इंटर कॉलेज में भी पेंटिंग, वाद विवाद, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के जरिए जनता को जागरूक किया जाएगा। इस बाबत जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं।