हल्द्वानी। जिला विकास प्राधिकरण की ओर से बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय परिसर में भवन मानचित्र निस्तारण के लिए विशेष शिविर आयोजित किया। शिविर में 87 भवन मानचित्रों को स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें चार व्यावसायिक और शेष 83 आवासीय मानचित्र शामिल थे। 55 मानचित्रों का शुल्क मौके पर ही जमा हुआ। इन सभी लोगों को मौके पर ही स्वीकृत नक्शे उपलब्ध कराए गए। शिविर के विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड जलागम परिषद के उपाध्यक्ष शंकर कोरंगा थे। प्राधिकरण सचिव विजय नाथ शुक्ला ने बताया कि जिन 87 लोगों के नक्शे पास किए गए उनमें 43 नए हैं जबकि 44 पेंडिग नक्शे थे। बताया कि स्वीकृत नक्शों में दस नैनीताल और भीमताल के तथा शेष हल्द्वानी के थे।
शिविर में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नक्शा लेकर आए लोगों को मौके पर ही अनापत्ति प्रमाण पत्र भी जारी किए। शिविर में तहसीलदार मनीषा बिष्ट, प्राधिकरण के जेई प्रमोद कुमार, अंकित आर्या, शालू, नगर नियोजन विभाग के अभियंता आरएल भारती समेत जल संस्थान, ऊर्जा निगम, लोनिवि, दमकल व नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।