हल्द्वानी। नैनीताल के प्रत्येक बंदी पर नाश्ते और भोजन पर प्रतिदिन औसतन 56 रुपये खर्च होते हैं। बंदियों के दवाइयों का हिसाब कभी घट जाता है तो कभी बढ़ जाता है।
हीरानगर कैनाल रोड निवासी समाजसेवी हेमंत गौनिया ने सूचना अधिकार अधिनियम के तहत लोक सूचना अधिकारी जेल अधीक्षक कार्यालय से जानकारी मांगी थी कि नैनीताल जिला जेल में कितने कैदी बंद हैं। कैदियों के नाश्ते, दोपहर और रात के खाने पर पांच सालों में कितना खर्च हुआ है। प्रति कैदी पर खाने और दवाइयों पर कितना खर्च आता है। आठ फरवरी 19 को भेजे गए जवाब में जेलर रमेश कुमार भारती ने बताया कि वर्तमान में कारागार में 108 कैदी बंद हैं। पांच सालों के दौरान जेल में बंदियों के भोजन पर 81 लाख 89 हजार 193 रुपये खर्च हुए हैं। इसी प्रकार दवाइयों पर पांच लाख 99 हजार 86 रुपये खर्च हुए थे। जिला कारागार में एक बंदी के नाश्ता और भोजन पर प्रतिदिन औसतन 56 रुपये खर्च आता है। बंदी की दवाइयों पर खर्च बीमारियों के हिसाब पर निर्भर करता है। आम लोगों द्वारा हिसाब करने पर प्राप्त आंकड़े के विपरीत प्रतिदिन एक कैदी का खर्च 41 रुपये 54 पैसे आ रहा है। इस बारे में वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्या ने बताया कि प्रत्येक साल का खर्च अलग-अलग रहता है। इस कारण औसतन व्यय निकालने में थोड़ा-बहुत अंतर आता है।
प्रत्येक बंदी के नाश्ते और भोजन पर खर्च होते हैं 56 रुपये
नैनीताल के बंदियों पर पांच साल में दवा पर खर्च हुए छह लाख रुपये