नैनीताल। सरोवरनगरी में शाम सात बजे के बाद डीजल, पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है। गलती से अगर रात के समय आपकी गाड़ी में ईंधन खत्म हो गया तो आप पेट्रोल पंप ढूंढ़ते रहे जाओगे, लेकिन मिलेगा नहीं। हर दिन कोई न कोई पर्यटक यहां डीजल, पेट्रोल की तलाश में रात के समय भटकते देखा जा सकता है। कई बार स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के एमडी रहते आईएएस दीपक रावत ने सूखाताल स्थित केएमवीएन का पेट्रोल पंप 24 घंटे खुलवाया था। उस दौरान यहां लोगों को डीजल, पेट्रोल के लिए भटकना नहीं पड़ता था, लेकिन बाद में अचानक से पेट्रोल पंप का समय बदल दिया गया। अब यह पंप शाम को सिर्फ सात बजे तक ही खुलता है। तल्लीताल स्थित निजी पेट्रोल पंप का भी यही हाल है। शनिवार शाम साढ़े आठ बजे तल्लीताल निवासी अमर कुमार की ऑल्टो कार का पेट्रोल खत्म हो गया। उन्हें किसी जरूरी कार्य से कालाढूंगी जाना पड़ा। वह पेट्रोल लेने के लिए पहले तल्लीताल पेट्रोल पंप पर पहुंचे, लेकिन यह बंद था। पेट्रोल डलवाने के लिए सूखाताल स्थित केएमवीएन के पेट्रोल पंप पर पहुंचे, लेकिन यहां भी निराशा हाथ आई। नगर में सिर्फ दो ही पेट्रोल पंप हैं और शाम लगभग सात बजे दोनों ही बंद होते हैं। काफी समय से यह स्थिति बनी हुई है। किसी अधिकारी ने इस दिशा में ध्यान नहीं दिया है।
नैनीताल में रात को पेट्रोल पंप ढूंढ़ते रह जाओगे