रामपुर में शुक्रवार को भाईदूज के मौके पर बस स्टैंड पर उमड़ी यात्रियों की भीड़।
हल्द्वानी। पर्वतीय क्षेत्रों से दीपावली मनाने के बाद मैदानी क्षेत्रों में जाने वालों को कई घंटे तक बसों का इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों को बसें नहीं मिलने पर मायूस होकर गांव लौटना पड़ा।
रविवार को धुमाकोट, सल्ड महादेव, बीरोंखाल, रसिया महादेव क्षेत्र से दिल्ली, यूपी, चंडीगढ़, फरीदाबाद, रामनगर, काशीपुर आदि शहरों को जाने वाले यात्रियों को बसें नहीं मिलीं। अधिकतर यात्री सुबह से ही बसों के लिए सड़कों पर इंतजार करते रहे। लेकिन आगे से ही फुल आ रही बसों के चालक परिचालकों ने सीटें नहीं होने की बात कहकर उन्हें बैठाने से मना कर दिया। कई बसों में लोगों ने मजबूरी में रामनगर तक का सफर खड़े होकर किया।
टैक्सी चालकों ने उधार में लिया डीजल-पेट्रोल
हल्द्वानी। बीरोंखाल ब्लॉक क्षेत्र में एक मात्र पेट्रोल पंप के बंद होने से टैक्सी चालकों को उधार में डीजल और पेट्रोल लेकर यात्रियों को रामनगर छोड़ना पड़ा। हालांकि टैक्सी आदि की बुकिंग के लिए यात्री तैयार थे, लेकिन सवारी गाड़ियों में डीजल और पेट्रोल नहीं होने के कारण अधिकतर यात्रियों को मायूस होना पड़ा।
बवांसा तल्ला निवासी कार चालक नीरज रावत ने बताया कि उन्हें अपने परिजनों को रामनगर छोड़ने के लिए शाकंबर सिंह रावत से पेट्रोल उधार में लेना पड़ा। कहा कि ब्लॉक क्षेत्र में सिर्फ एक पेट्रोल पंप है, जिसके बंद होने से सवारी गाड़ियों के चालकों को वाहन खड़े करने पड़े। वहीं यात्रियों ने कहा कि जिन टैक्सी चालकों को भी बुकिंग के लिए कहा गया तो उन्होंने पेट्रोल-डीजल नहीं होने के कारण जाने से मना कर दिया। इससे यात्रियों को मायूस होकर गांव लौटना पड़ा। उनका कहना था कि अब वह सोमवार को ही जा पाएंगे।