हल्द्वानी। लोनिवि और उद्यान विभाग की टीम ने आपदा प्रभावित ब्यूरा खाम गांव का निरीक्षण किया। टीम ने ग्रामीणों की समस्याएं जानीं और आपदा संभावित स्थानों का चिन्हीकरण किया। अब रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी।
प्रभारी ईई सुरेश चंद्र पांडे के नेतृत्व में टीम शनिवार को ब्यूरा खाम पहुंची। टीम ने यहां मल्ला ब्यूरा में ग्रामीणों से वार्ता की। जहां ग्रामीणों ने पहाड़ी से मलबा, पत्थर गिरने की आशंका जताई है। इस दौरान टीम ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के मलबा रोकने को पत्थर से बनाई सुरक्षा दीवार, जाल का भी निरीक्षण किया। बाद में टीम ने आपदा के मद्देनजर संभावित स्थानों का चिन्हीकरण किया। इस दौरान ग्राम प्रधान नवीन पांडे, जीसी कांडपाल, नंदन जीना, भूपेंद्र कुमार, पीसी लोहनी, विवेक पंत, शिवराज सिंह आदि थे।
2017 में आपदा में एक दर्जन मकान हो गए थे क्षतिग्रस्त
साल 2017 में जुलाई में आई तेज बारिश से ब्यूरा खाम के ऊपर पहाड़ी पर बल्यूटी गांव के लिए निर्माणाधीन सड़क का मलबा, बोल्डर आ गिरे थे। इससे 12 मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। आधा दर्जन मकानों में मलबा घुस गया था। बाद में प्रशासन ने मलबा निकाला था।