हल्द्वानी। अब आंचल के दूध में विटामिन ए और डी की निर्धारित मात्रा मिलाई जाएगी। केंद्र सरकार की योजना के तहत उत्तराखंड डेरी को-ऑपरेटिव फेडरेशन ने यह निर्णय लिया है।
फेडरेशन की बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को मंगल पड़ाव में यूसीडीएफ के कार्यालय में हुई। इसमें पूर्व में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। हरे चारे की पैकिंग कर दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के माध्यम से बेचने का निर्णय लिया गया। दूध उर्पाजन और मार्केटिंग को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में यूसीडीएफ के अध्यक्ष राजवीर सिंह, महाप्रबंधक संजय कुमार, संजय उपाध्याय, पीसी शर्मा आदि मौजूद रहे।
तीन महीने पहले हुई बोर्ड की बैठक में दूध का ट्रेटा पैक उतारने, मक्खन की ब्लस्टर पैकिंग उतारने और पनीर का वैक्यूम पैक उतारने का निर्णय लिया गया था। लेकिन अभी तक यूसीडीएफ ने इन प्रोजेक्ट को मार्केट में नहीं उतारा है। ये हाल तब हैं जब बड़ी कंपनियों से आंचल ब्रांड को बाजार में बड़ी टक्कर मिल रही है। बोर्ड बैठक में कमेटी ने हरू देवी को शामिल किया है। हरू देवी पिथौरागढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रबंध कमेटी में लंबे समय से एक सीट खाली चल रही थी।