हल्द्वानी। सेंट्रल अस्पताल में भर्ती एसपी बागेश्वर की हालत में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की जांच से पता चला है कि हल्का ब्रेन स्ट्रोक और ब्लड शुगर की कमी के चलते उनकी हालत बिगड़ गई थी। एसपी का हाल चाल जानने के लिए पुलिस अधिकारियों के अस्पताल में आने का क्रम जारी रहा।
बागेश्वर जिले के एसपी मुकेश कुमार चौहान की हालत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार रात उनको सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने एसपी के रोग को जानने के लिए कई जांचें कराईं। अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. पुनीत गोयल ने बताया कि एसपी का ब्लड शुगर कम पाया गया है। उनको हल्का ब्रेन स्ट्रोक भी हुआ था। इसी कारण हालत खराब हुई थी। अब दवाओं से उनकी हालत में सुधार आ रहा है। पुलिस अधीक्षक लोगों से बातचीत कर रहे हैं। एसपी के तबियत खराब होने की जानकारी मिलने पर डीआईजी पूरन सिंह रावत, एसपी (आर) जसवंत सिंह चौहान, एसपी सिटी अमित कुमार श्रीवास्तव, कोतवाल के आर पांडे, उपनिरीक्षक नीरज भाकुनी ने पुलिस अधिकारी की हालत के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में पुलिस अधिकारी एसपी से मिलने के लिए लगातार आ रहे हैं।