हल्द्वानी। धारी ब्लॉक के पदमपुरी से बबियाड़ चलने वाली रोड़वेज बस सेवा पिछले 18 दिनों से बंद है, जिसके चलते ग्रामीणों में रोष है। बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों को खासी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने एक बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति तय की। स्थानीय निवासी मनोज शर्मा ने बताया कि बस सेवा बंद होने से खासकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। बच्चों को समय पर वाहन नहीं मिलने से स्कूल के लिए कई बार देर हो जाती है। ज्यादा पैसा देकर प्राइवेट वाहनों से जाना पड़ रहा है। वहीं टैक्सी चालकों की पौ बारह हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रोड़वेज प्रबंधन को पत्र सौंपने के बाद भी बस सेवा सुचारु नहीं हो पाई है। वहीं नाराज लोगों का कहना है कि यदि जल्द बस सेवा दोबारा चालू नहीं की जाएगी तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान प्रताप सिंह बर्गली, महेशानंद, किशोर आर्य, मदन बिष्ट सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।