कालाढूंगी (नैनीताल)। यूपी के अलीगढ़ जिले से स्विफ्ट कार को किराए पर लेकर स्विफ्ट कार लूटने का मामला प्रकाश में आया है। मुरादाबाद पुलिस आरोपियों को यहां लाई है। शुक्रवार को चालक न मिलने पर उसकी तलाश में शनिवार सुबह कांबिंग की जाएगी।
कोतवाल बीएल विश्वकर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार रात जिला मुरादाबाद के ईसापुर थाना बिलारी निवासी मो. वसीम, मुकेश अलीगढ़ गए। उन्होंने अलीगढ़ के गांधी पार्क निवासी कार चालक वसीम पुत्र शौकत को बताया कि वह नैनीताल में खेती करते हैं। वहां जाने के लिए उन्होंने वसीम की स्विफ्ट कार यूपी 81 बीसी 8073 किराए पर ली। कार को वसीम खुद चला रहा था। पुलिस के मुताबिक दोनों ने कालाढूंगी के पास नैनीताल रोड में चालक को कार से उतारकर डंडों से पीटा और खाई में फेंक दिया। इसके बाद दोनों आरोपी कार लेकर बेचने मझोला मुरादाबाद में जा रहे थे, इसी बीच मझोला पुलिस को सूचना मिली कि एक कार कबाड़ में बिक रही है। तभी मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों से दबोच लिया। पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। यूपी के मझोला की पुलिस शुक्रवार शाम कालाढूंगी पहुंची। उन्होंने आरोपियों की निशानदेही पर कांबिंग की लेकिन चालक वसीम नहीं मिला। चालक की तलाश में कालाढूंगी पुलिस अब शनिवार सुबह नैनीताल रोड के जंगलों में कांबिंग करेगी।