हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा हनुमान मंदिर के समीप बीएलएम एसोसिएट के दूसरी मंजिल स्थित सेनेटरी के गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। व्यवसायी ने धुआं देखते ही तीसरी मंजिल से अपने परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। अग्निशमन विभाग के जवानों ने किसी प्रकार आग को काबू में किया लेकिन गोदाम, शोरूम, बेसमेंट में रखा लाखों का सेनेटरी व अन्य सामान नष्ट हो गया। व्यवसायी का दावा है कि 70 लाख से अधिक की क्षति हुई है।
कुसुमखेड़ा हनुमान मंदिर के समीप रोड के नजदीक रोहित मित्तल की तीन मंजिला बिल्डिंग है। तीसरी मंजिल पर व्यवसायी का परिवार रहता है। दूसरी मंजिल और बेसमेंट में सेनेटरी के सामानों का गोदाम और प्रथम तल पर शोरूम है। शनिवार सुबह पांच बजे व्यवसायी गोदाम से धुआं उठता देखकर घबरा गया। व्यवसायी ने तत्काल अपने दो बच्चों, पत्नी और भाई करन मित्तल को आग से बचने के लिए बाहर निकाला। नीचे आने के बाद व्यवसायी ने घटना से अग्निशमन विभाग को अवगत कराया। सूचना मिलते ही अग्निशमन की एक-एक कर तीन गाड़ियां पहुंचीं। अग्निशमन विभाग के जवानों ने गोदाम के शीशे को तोड़कर आग बुझाना शुरू किया। आग और पानी की बौछार से गोदाम और बेसमेंट रखी सीमेंट पुट्टी की बोरियां, टाइल्स, एल्यूमीनियम आदि सामान खराब हो गए। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। दुकानदार का कहना है कि करीब 70 से 80 लाख की क्षति हुई है।
गोदाम के मानकों की होगी जांच
एफएसओ लीलाधर उपाध्याय ने बताया कि बीएलएम के गोदाम में व्यवसायी ने अग्निशमन मानकों को पूरा किया था या नहीं। इस मामले में व्यवसायी से कागजात मांगे गए हैं। अग्निशमन विभाग उपकरणों के बारे में भी जानकारी मांगेगा।