हल्द्वानी। स्टेट पूल के कमुलवागांजा गोदाम में अधोमानक चावल के चट्टों के निकलने का सिलसिला जारी है। बुधवार को छंटाई टीम ने आठ चट्टों के नमूने लेकर जांच की तो तीन चट्टों के चावल अधोमानक निकले हैं। अब टीम इन राइस मिल को चिन्हित कर नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है।
स्टेट पूल के कमुलवागांजा गोदाम में अधोमानक चावल आपूर्ति किए जाने की खबर को अमर उजाला प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा है। छंटाई टीम के अध्यक्ष यूएस डांगी की अगुवाई में टीम बुधवार को स्टेट पूल गोदाम पहुंची। दवा छिड़काव की वजह से गोदाम चार को खोला नहीं जा सका था। इसी वजह से यहां पर एक भी नमूना नहीं लिया गया था जबकि यहां पर आठ चट्टों में करीब 13,120 क्विंटल चावल था। टीम ने गोदाम नंबर चार में रखे आठ चट्टों में से आठ नमूने लिए। इन सभी नमूनों की जांच की गई। इनमें तीन चट्टों के चावल अधोमानक मिले हैं। अधोमानक चावलों में डैमेज, डिस्कलर की मात्रा छह प्रतिशत थी जबकि यह सिर्फ तीन प्रतिशत ही मान्य है। टीम ने इन सभी नमूनों की रिपोर्ट बनाकर तैयार कर ली है अब इन्हें शासन को भेजा जा रहा है। साथ ही अधोमानक चट्टों वाली राइस मिलों को चिन्हित कर नोटिस भेजा जाएगा। टीम में अशोक कुमार उप संभागीय विपणन अधिकारी, राकेश सिंह क्षेत्रीय प्रबंधक आदि शामिल थे।
गोदाम नंबर पांच से नहीं लिए नमूने
हल्द्वानी। छंटाई टीम ने अभी तक गोदाम नंबर पांच के चट्टों के नमूने नहीं लिए। सूत्रों की मानें तो इन चट्टों में भी अधोमानक चावल भरे पड़े है। टीम इस गोदाम से नमूने नहीं ले रही है, यह भी सवालों के घेरे में है।