रानीखेत (अल्मोड़ा)। 27वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता यहां नरसिंह मैदान में शुरू हो गई है। उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी ने खिलाड़ियों से अनुशासन और लगन के बल पर मुकाम छूने का आह्वान किया। उन्होंने ताइक्वांडो को आत्मरक्षा के लिए बेहतरीन माध्यम बताया, खासकर उन्होंने बालिकाओं से इस खेल अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया। पहले दिन विभिन्न भार वर्गों में तमाम खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई।
प्रतियोगिता सब जूनियर, कैडेट और जूनियर वर्ग के आधार पर खेली जा रही है। इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अल्मोड़ा जिले की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। पहले दिन सब जूनियर बालक 18 किलो भार वर्ग में पियूष असवाल ने स्वर्ण, काव्य बिष्ट ने रजत, 21 किलो भार वर्ग में भूपेश सिंह ने स्वर्ण, ओम आर्या ने रजत, रितिक खाती ने कांस्य तथा गौरव नेगी ने भी कांस्य पदक जीते। 23 किलो भार वर्ग में रजत किरौला ने स्वर्ण, मानस ने रजत, हितेन और यश बिष्ट ने कांस्य पदक पर मुहर लगाई। 25 किलो में रक्षित जोशी ने स्वर्ण, पवन बोरा ने रजत, अमित बिष्ट और विकास सतवाल ने कांस्य पदक जीते। 27 किलो भार वर्ग में ओम लाल शाह ने स्वर्ण, सौरभ उपाध्याय ने रजत तथा वैभव जोशी ने कांस्य पदक झटके। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, सचिव नरेश कुमार तलरेजा, विजय बहादुर, पूरन सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे। प्रतियोगिता में जिले भर से 200 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।