हल्द्वानी। बनभूलपुरा निवासी नाजिम ने मॉडलिंग की दुनिया में एक नया मुकाम हासिल किया है। नाजिम बीते दिनों मुरादाबाद के एक होटल में आयोजित मिस्टर एंड मिस यूनिक पर्सनाल्टी ऑफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के प्रथम रनर अप चुने गए हैं।
ब्लू रिकॉर्ड एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन एंड इवेंट कंपनी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखंड के करीब 350 युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया था। इसमें पहले चरण में सफल रहे 80 प्रतिभागियों ने रैंप पर जलवा बिखेरा था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बीजेपी नेता प्रिया अग्रवाल और निर्णायक एमटीवी के रिएलिटी शो स्पिलिट्सविला और लव स्कूल प्रतियोगी वेरोनिका राजपूत, मिस यूपी 2016 अजीता झा व बॉलीवुड कलाकार ओमप्रकाश सिंह मौजूद थे। नाजिम ने बताया कि उनका बचपन से ही मॉडलिंग को बतौर करियर अपनाने का सपना था। फ्लैक्स प्रिंटिंग का व्यवसाय करने वाले नाजिम ने बताया कि वह मिस्टर इंडिया के 2016 ऑडिशन में भी चयनित हुए थे, लेकिन बहन की शादी के कारण वह प्रतियोगिता में आगे नहीं बढ़ पाए। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण नाजिम को पढ़ाई भी अधूरी छोड़नी पड़ी थी। अब वह फिर से पढ़ाई और मॉडलिंग को साथ लेकर चल रहे हैं। वर्तमान में एमबीपीजी कॉलेेज से बीए कर रहे हैं। शरीर को फिट रखने के लिए नाजिम जिम और व्यायाम का सहारा लेते हैं। कार्यक्रम के आयोजक आरके गुप्ता और मो. सद्दाम ने बताया कि सफल विजेताओं को टीवी धारावाहिकों में काम दिया जाएगा। नाजिम के पिता फर्नीचर बनाने का काम करते हैं।