हल्द्वानी। कोरोना बम लगातार फटता जा रहा है और सैंपल जांच की रफ्तार कछुआ गति से चल रही है। राजकीय मेडिकल कालेज की वायरोलॉजी लैब में आठ सौ सैंपल अभी पेंडिंग हैं और उनकी जांच रिपोर्ट नहीं आई है।
कुमाऊं के छह जिलों में कोरोना सैंपल की जांच सिर्फ राजकीय मेडिकल कालेज के वायरोलॉजी लैब में हो रही है। इसके अलावा जांच के लिए कोई दूसरी लैब नहीं है और न ही कोई प्राइवेट लैब अधिकृत की गई है। दो पीसीआर मशीन के सहारे वायरोलॉजी विभाग के लोग दिनरात जांच में लगे हैं। शिफ्ट में ड्यूटी कर जांच कर रहे हैं। मेडिकल कालेज की वायरोलाजी लैब में प्रतिदिन पांच से छह सौ सैंपल जांच के लिए आ रहे हैं और जांच महज दो सौ से तीन सौ की हो पा रही है। ऐसी मंद रफ्तार से चल रही जांच से स्पष्ट हैं कि जांच कब पूरी होगी और कुमाऊं में कोरोना के कितने मरीज है यह आंकड़ा कब साफ होगा। खास बात यह है कि कोरोना के रिपीट सैंपल और बाहर से आ रहे प्रवासियों के सैंपल की ही जांच हो रही है। अभी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों के रैंडम सैंपल की जांच का तो नंबर ही नहीं आया है। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार छह जिलों में 450 लोगों के सैंपल का इंतजार है।
जिले सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार
नैनीताल 107
अल्मोड़ा 88
बागेश्वर 51
चंपावत 21
पिथौरागढ़ 154
ऊधमसिंह नगर 29
- प्रतिदिन पांच सौ से छह सौ सैंपल जांच के लिए आ रहे हैं। 24 घंटे में दो से तीन सौ लोगों के सैंपल की जांच ही हो पा रही है। प्रदेश में 15 सैंपल की जांच अभी तक हुई है। जिसमें गढ़वाल-कुमाऊं के मिलाकर सात हजार लोगों के सैंपल की जांच मेडिकल कालेज हल्द्वानी में हुई है।
-डॉ. सीपी भैसोड़ा, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज