उद्यान विभाग की ओर से इस तरह तैयार हो रहे हैं वर्मी कंपोस्ट पिट। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
भीमताल (नैनीताल)। अगर आप अपनी खेती को जैविक खाद के जरिये बढ़ावा देना चाहते हैं और इसके लिए अपनी जमीन पर वर्मी कंपोस्ट पिट बनाने की तैयारी कर रहे हैं तो आपको इसके लिए उद्यान विभाग से बड़ी मदद मिल जाएगी। उद्यान विभाग कंपोस्ट पिट बनाने के लिए काश्तकारों को 75 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान कर रहा है। साथ ही शेष 25 प्रतिशत सब्सिडी मनरेगा के तहत मिल जाती है।
उद्यान विभाग वर्तमान में 40 कंपोस्ट पिट बनाने का कार्य कर रहा है। विभाग के पास लगातार आवेदन आ रहे हैं। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को भूमि के दस्तावेज, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक की पासबुक के
साथ आवेदन करना होगा। इसके बाद विभाग से मदद मिलेगी। एक पिट बनाने में कुल 31330 रुपये का खर्च आता है जिसमें से 24997 रुपये उद्यान विभाग लाभार्थी को देता है। शेष राशि मनरेगा के तहत मिल जाती है।
विभाग को मिले हैं 12 लाख रुपये
भीमताल (नैनीताल)। राज्य सेक्टर से उद्यान विभाग को वर्मी कंपोस्ट पिट बनाने के लिए 12 लाख रुपये जारी हो चुके हैं। इस राशि से लाभार्थियों को लाभ दिया जा रहा है। विभाग ने और धनराशि का प्रस्ताव भी भेजा है।
जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए वर्मी कंपोस्ट पिट बनाकर जैविक खाद तैयार की जाएगी। जिसके लिए 75 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ किसान को दिया जा रहा है। विभाग के पास किसानों के आवेदन आ रहे हैं। - भावना जोशी, जिला उद्यान अधिकारी