हल्द्वानी। एमबीबीएस सहित विभिन्न मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा (नीट 2019) रविवार को होगी। हल्द्वानी में इसके लिए आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 4900 के करीब अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के कपड़े पहनकर आने को कहा गया है। शर्ट भी केवल आधी बाजू की पहननी है। खास बात यह है कि जूतों के बजाए केवल चप्पल पहनकर ही आ सकते हैं।
अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि महिला अभ्यर्थी सलवार और पुरुष अभ्यर्थी ट्राउजर पहनकर आएं। किसी भी कपड़े में कोई बड़ा बटन नहीं होना चाहिए। कोई फूल या ऐसा कोई भी आइटम न हो, जो कि नकल में इस्तेमाल किया जा सकता हो। नोजपिन, चेन, नेकलेस, पेंडेंट, बैज, ब्रूच, घड़ी, कोई भी मैटेलिक आइटम, पेन, पेंसिल, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, पर्स, चश्मा, हैंडबैग, बेल्ट, अंगूठी आदि लेकर आने पर भी पाबंदी लगाई गई है। परीक्षा अपराह्न दो बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगी। लेकिन परीक्षा केंद्र में दोपहर 12 बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलना शुरू होगा। डेढ़ बजे बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह परीक्षा ऑफलाइन होगी। एनटीए ने परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए हैं और नकल विहीन परीक्षा के लिए जिला प्रशासन और पुलिस से मदद मांगी है। हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस तैनात रहेगी। एनटीए के ऑब्जर्वर भी यहां पहुंच गए हैं जो कि प्रत्येक केंद्र में मौजूद रहेंगे। परीक्षा संपन्न कराने का जिम्मा एनटीए के साथ यहां सीबीएसई की सिटी कोऑर्डिनेटर मंजू जोशी को सौंपी गई है।
परीक्षा देने आधी बाजू की शर्ट और चप्पल पहनकर आएं
मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए नीट आज
यहां होगी प्रवेश परीक्षा
- नैनीताल रोड स्थित निर्मला कॉन्वेंट
- नैनीताल रोड स्थित नैनीवैली सीनियर सेकेंडरी स्कूल
- जज फार्म स्थित सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल
- आरटीओ रोड स्थित यूनिवर्सल कॉन्वेंट स्कूल
- कमलुवागांजा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल
- गोरापड़ाव स्थित बीएलएम एकेडमी
- कमलुवागांजा स्थित गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल
- ऊंचापुल स्थित सरस्वती एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल