हल्द्वानी। डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए थोड़ी सी लापरवाही बहुत भारी पड़ गई है। सेमेस्टर परीक्षाओं में प्रेक्टिकल परीक्षा छूटने पर दोबारा प्रेक्टिकल परीक्षा देने के लिए कई छात्रों को दो-दो हजार रुपये की फीस कुमाऊं विश्वविद्यालय में जमा करनी पड़ी। ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले के ऐसे विद्यार्थियों की प्रेक्टिकल परीक्षाएं 29 अप्रैल से एमबीपीजी कॉलेज में शुरू होंगी।
कुमाऊं विश्वविद्यालय की स्नातक वर्ग की बीएससी, बीए के प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं जनवरी में हुई हैं। बीएससी और बीए के प्रेक्टिकल विषयों की परीक्षाएं दिसंबर और जनवरी में परीक्षाओं के दौरान कॉलेज में कराई गईं। इसमें कई विद्यार्थी प्रेक्टिकल परीक्षाएं देने से छूट गए। ऐसे विद्यार्थियों द्वारा कुमाऊं विश्वविद्यालय में संपर्क किया, जहां विशेष तौर पर छूटी प्रेक्टिकल परीक्षा देने का शुल्क दो हजार रुपये निर्धारित होने की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों द्वारा विश्वविद्यालय में यह शुल्क जमा कर दिया गया तथा कुमाऊं विवि से प्रेक्टिकल परीक्षा की तिथि घोषित कर दीं गई हैं। एमबीपीजी कॉलेज में शुक्रवार को विश्वविद्यालय से इस संबंध में आदेश भी पहुंच गया। प्राचार्य डॉ.जीएस बिष्ट ने बताया जिन विद्यार्थियों की प्रेक्टिकल परीक्षाएं छूटी हैं, वह 29, 30 अप्रैल और एक, दो मई को परीक्षाएं देंगे। इसमें हल्द्वानी के अलावा नैनीताल, खटीमा, काशीपुर, रुद्रपुर के 56 विद्यार्थी शामिल होंगे।
प्रेक्टिकल परीक्षा छूटने पर जमा करने पड़े दो-दो हजार रुपये
नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले के 56 विद्यार्थी नहीं दे पाए थे प्रेक्टिकल परीक्षाएं
अब एमबीपीजी कॉलेज में 29 से होंगी परीक्षाएं