हल्दूचौड़ (नैनीताल)। एनएच-109 चौड़ीकरण की जद में आ रहे ग्राम हरिपुर पूर्णानंद के प्रभावितों ने शुक्रवार को केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही उचित मुआवजा नहीं देने पर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान किया।
ग्राम प्रधान हरिपुर पूर्णानंद देेवकी मेहरा के आवास पर हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के प्रभावितों को मुआवजे वितरण का नोटिस 15 मार्च को स्थानीय समाचार पत्र में प्रकाशित हुआ था, जिसे ग्रामीणों ने उचित नहीं बताया। ग्रामीण टीका सिंह रावत, दान सिंह चौहान ने कहा कि विभाग उनकी जमीन का अधिग्रहण कर रहा है, लेकिन मुआवजा नहीं दे रहा है। पूर्व प्रधान दरवान सिंह ने कहा कि एसएलओ ने रिपोर्ट बनाते समय अधिक जमीन का अधिग्रहण दिखाया है, जबकि मुआवजा कम बनाया है। एनएच से प्रभावित ग्रामीण शेखर सिंह राठौर ने मुआवजा वितरण से पहले ग्रामीणों के जमीन की पुन: पैमाइश सही ढंग से करने की मांग की। इस दौरान पूरन सिंह मेहरा, गोकुल सिंह, प्रयाग सिंह राठौर, राम सिंह, जीवन सिंह कार्की, नंदन सिंह मेहरा, चंदन सिंह, हरीश रौतेला, विनोद मेहरा, हयात सिंह, लीलाधर भट्ट, राजेश नोर्की आदि थे।
हरिपुर पूर्णानंद वालों ने किया धरना-प्रदर्शन
एनएच चौड़ीकरण का मुआवजा नहीं मिलने पर करेंगे लोकसभा चुनाव का बहिष्कार