नैनीताल। एक जून से शुरू होने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा में इस बार काफी बदलाव किया जाएगा। कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) यात्रा रद्द करने के नियमों में बदलाव करेगा। इससे अधिक लोगों को यात्रा का मौका मिल सकेगा। कैंपों में सर्दी से बचाव के लिए बुखारी की व्यवस्था होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम यात्रियों का मन मोहेंगे।
पिछले साल यात्रा शुरू होने से कुछ दिन पहले कई यात्रियों ने अपने नाम वापस ले लिए थे, जबकि उनकी जगह नए यात्री नहीं आ सके। इससे केएमवीएन को नुकसान उठाना पड़ा। अब विदेश मंत्रालय ने यात्रा रद्दीकरण के नियमों में बदलाव करने को कहा है। नई नियमावली में इस तरह की व्यवस्था की जाएगी कि अगर कोई यात्रा रद्द करेगा तो उसकी जगह नए यात्री को भेजा जा सके। मंत्रालय से निर्देश मिलने के बाद केएमवीएन ने नए नियम बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दौरान केएमवीएन के कर्मचारी अलग ड्रेस में दिखेंगे। निगम अपने कर्मचारियों को विशेष ट्रैक शूट देगा ताकि वे यात्रियों से अलग नजर आएं। यात्रा के दौरान कैंपों में सर्दी की शिकायतें मिलती हैं। इस बार कैंपों में बुखारी की व्यवस्था की जाएगी ताकि यात्रियों को सर्दी से बचाया जा सके।
कोई यात्रा रद्द करेगा तो नया यात्री भेजा जाएगा
कैलाश यात्रा : केएमवीएन करेगा कई अहम बदलाव, विदेश मंत्रालय ने जारी किए निर्देश
पहली बार यात्री अल्मोड़ा और जागेश्वर में ले सकेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद
नियमों में बदलाव का मकसद अधिक से अधिक लोगों को मिल सके यात्रा का मौका
‘कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी रूबरू होने का मौका मिलेगा। निगम की ओर से अल्मोड़ा, जागेश्वर में यात्रियों के लिए स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम दिखाए जाएंगे।’
- रोहित मीणा, एमडी, कुमाऊं मंडल विकास निगम