हल्द्वानी। डेंगू और जापानी इंसेफेलाइटिस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। डेंगू और जापानी इंसेफेलाइटिस के आठ मरीजों को एसटीएच में भर्ती कराया गया है। जांच में सभी मरीजों में डेंगू और जापानी इंसेफेलाइटिस की पुष्टि हुई है।
तल्ली हल्द्वानी निवासी राहुल (11), तल्ली हल्द्वानी निवासी हिमांशी (14), नाहिद (32) निवासी वार्ड नंबर 22 कैनाल रोड किच्छा, बाबू अहमद (40) निवासी बहेड़ी की खून की जांच में एनस वन एजी, आईजीएम और एलायजा जांच की पुष्टि हुई है। जबकि कादिर (05) निवासी पीपल पड़ाव खत्ता रुद्रपुर, अमजद अली (65) निवासी बिलासपुर उत्तर प्रदेश, अमीना (45) निवासी स्वार रामपुर और नितिन कार्की (08) निवासी जयपुर बीसा मोटाहल्दू में जांच के बाद जापानी इंसेफेलाइटिस की पुष्टि हुई है। दूसरी ओर रामपुर निवासी मोहिनी को पीआईसीयू में वेंटीलेटर में रखा गया है। एसटीएच में एक दर्जन से अधिक बुखार के रोगी भी भर्ती हुए हैं।
बेस अस्पताल में बुखार के 39 मरीज भर्ती
हल्द्वानी। बुखार के सबसे अधिक रोगी भी सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में पहुंच रहे हैं। बेस अस्पताल में डायरिया के छह, वायलर के 39 और मलेरिया के दो रोगी भर्ती कराए गए हैं। बेस अस्पताल में बाल रोग वार्ड और बड़ों की भर्ती को बने बी वार्ड के सभी बेड फुल हैं।
नौ माह में डेंगू के 11 मरीज रिपोर्ट
हल्द्वानी। जनवरी से 13 सितंबर 18 तक डेंगू के 11, चिकनगुनिया के 8 और जापानी इंसेफेलाइटिस के 10 मामले सामने आए हैं। नैनीताल में डेंगू के छह केस रिपोर्ट हुए हैं जबकि अन्य स्थानों से पांच मरीज आए। चिकनगुनिया के नैनीताल से चार, पिथौरागढ़ से एक, चंपावत से एक, बागेश्वर से एक और दूसरे स्थान से एक मामला सामने आया। जबकि चिकनगुनिया के नैनीताल से दो, ऊधमसिंह नगर से दो और उत्तर प्रदेश से छह मामले सामने आए।
सर्विलांस टीम प्रभावित क्षेत्रों में जा रही है और लोगों को जागरूक कर रही है। बीमारियों से बचने के लिए अपने घर, स्कूल और प्रतिष्ठान के आसपास साफ सफाई रखें। साथ ही साफ पानी न जमा होने दें। डेंगू के लार्वा कई जगहों पर नष्ट किए गए हैं।
नंदन कांडपाल, जिला संक्रामक रोग विश्लेषक अधिकारी