भीमताल (नैनीताल)। कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला के पिछले औचक निरीक्षण से विकास भवन परिसर के अधिकारी कर्मचारी डरे हुए हैं। इस बार 26 जुलाई को उन्हें बैठक के लिए यहां आना है। इससे पहले अधिकारी कर्मचारी विकास भवन को पूरी तरह से साफ कर चकाचक बनाने में जुटे हैं।
भीमताल में पिछले महीने कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला ने नगर पंचायत का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में गंदगी और फाइलों में जमी धूल को देखकर ईओ बीएस रावत को पद से हटा दिया था जबकि कई कर्मचारियों को वेतन रोक दिया था। अब 26 जुलाई को उन्हें विकास भवन परिसर में जिले के विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करनी है। ऐसे में विकास भवन के अधिकारी कर्मचारी घबराए हुए हैं। आनन-फानन में मंगलवार को विकास भवन में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान जगह-जगह तंबाकू गुटखे के थूके हुए निशान तक रगड़-रगड़कर साफ किए गए। सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने कार्यालय में सफाई अभियान चलाकर फाइलों में जमा धूल को भी साफ कर दिया है। साथ ही शौचालयों की भी साफ-सफाई कर दी गई है।
कमिश्नर की बैठक से पहले विकास भवन किया चकाचक
पिछली बार के औचक निरीक्षण से डरे हुए हैं अधिकारी कर्मचारी