हल्द्वानी। लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत वसूली हासिल करने के लिए जलसंस्थान ने शहर में बकाएदारों से वसूली और अवैध पेयजल कनेक्शनों के लिए अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को इंदिरानगर के 13 बीघा इलाके में शिविर लगाया गया। यहां 300 अवैध पेयजल कनेक्शन चिह्नित किए गए।
जलसंस्थान के ईई संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि अवैध कनेक्शनों को चिह्नित करने के लिए विशेष शिविर लगाए गए हैं। सभी एई के नेतृत्व में विभिन्न इलाकों में शिविर लगाए जा रहे है। सभी अवैध कनेक्शन धारकों से कनेक्शन नियमित कराने को कहा गया है। इधर, जलसंस्थान के एई आरपी डोबवाल ने बताया कि इंदिरानगर 13 बीघा में शिविर लगाया गया। शिविर में 60 लोगों ने अवैध कनेक्शनों को नियमित कराने के लिए आवेदन किया है। इनके कनेक्शन नियमित कर दिए जाएंगे। करीब 70 बकाएदारों के कनेक्शन भी काटे गए हैं। शिविर में गिरधर सिंह बिष्ट, राजाराम आदि थे। उन्होंने बताया कि विभाग को मार्च तक कुल 22.50 करोड़ रुपये वसूल करने हैं। इसमें से 20.50 करोड़ रुपये वसूल कर लिए गए हैं। मार्च आखिरी तक वसूली लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा। अवैध कनेक्शनों और बकाएदारों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
इंदिरानगर 13 बीघा में 300 अवैध कनेक्शन चिह्नित
60 लोगों ने नियमितीकरण के लिए आवेदन किया